प्रधान संपादक धर्मेंद्र शर्मा की खोजी खबर

तोखन साहू के नाम पर बढ़ी हलचल, कभी भी हो सकता है ऐलान?
मैदानी फीडबैक ने बढ़ाई संगठन की चिंता, सरकार की छवि से लेकर सामाजिक समीकरण तक मंथन तेज
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष बदलने की सुगबुगाहट अब तेज हो गई है। संगठन के भीतर बैठकों का दौर और केंद्रीय नेताओं की प्रदेश में सक्रियता के बीच नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर सियासी अटकलों का बाजार गर्म है।
इन चर्चाओं में केंद्रीय मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। पार्टी के भीतर चल रही चर्चाओं और संगठन की मौजूदा जरूरतों को देखते हुए माना जा रहा है कि तोखन साहू को प्रदेश भाजपा की कमान सौंपने पर गंभीर मंथन चल रहा है।
मैदान से आए फीडबैक ने बढ़ाई बेचैनी?
प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद संगठन को मैदानी स्तर से मिल रहे फीडबैक ने रणनीतिकारों को नए सिरे से सोचने पर मजबूर किया है। सरकार की छवि, स्थानीय समस्याएं, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सामाजिक समीकरण—हर पहलू को संगठन के स्तर पर परखा जा रहा है।
इसी बीच केंद्रीय नेतृत्व की प्रदेश में बढ़ती सक्रियता को भी प्रदेश अध्यक्ष के बदलाव की कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है।
तोखन साहू पर क्यों टिकी निगाहें?
तोखन साहू का नाम सामने आने के बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है। संगठन को यदि सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल, सामाजिक संतुलन तथा जमीनी पकड़ को मजबूत करना है, तो ऐसे चेहरे की तलाश स्वाभाविक मानी जा रही है जो इन समीकरणों में फिट बैठे।
हालांकि अभी भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, इसलिए तोखन साहू की ताजपोशी को फिलहाल अंतिम निर्णय नहीं कहा जा सकता। लेकिन पार्टी के भीतर चल रही चर्चाओं ने इतना जरूर साफ कर दिया है कि प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर पर्दे के पीछे बड़ा मंथन चल रहा है।
ऐलान कब? यही सबसे बड़ा सवाल!
नाम लगभग तय होने की चर्चाओं के बीच अब भाजपा कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों की नजरें केंद्रीय नेतृत्व के आधिकारिक फैसले पर टिकी हैं।
क्या तोखन साहू होंगे छत्तीसगढ़ भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष?
क्या संगठन ने नए कप्तान का नाम तय कर लिया है?
या ऐलान से पहले कोई नया सियासी ट्विस्ट आएगा?
फिलहाल नाम की चर्चा तेज है, फैसला दिल्ली के दरबार से होना बाकी है।
प्रधान संपादक की विशेष खबर
धर्मेंद्र शर्मा
आज की सुर्खियां
