बागबहार-कोतबा सड़क निर्माण: डीजल मिलते ही काम ने पकड़ी रफ्तार, लेकिन राजस्व विभाग की सुस्ती और अतिक्रमण से ठेकेदार परेशान; भ्रामक खबरों का खंडन
जशपुर/पत्थलगांवः
क्षेत्र के विकास की जीवन रेखा मानी जाने वाली बागबहार से कोतबा सड़क का निर्माण कार्य स्थानीय ठेकेदार अभय कुमार (मेसर्स अभय कंस्ट्रक्शन) द्वारा पूरी मजबूती, सुंदरता और गुणवत्ता के साथ कराया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से जमीनी स्तर पर काम रुकने की अफवाहें उड़ रही थीं, जिसकी पड़ताल जब हमारे न्यूज़ पोर्टल ‘आज की सुर्खियां न्यूज़’ ने की, तो असल सच्चाई कुछ और ही निकलकर सामने आई।

ठेकेदार से ली गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों डीजल की अस्थाई किल्लत के कारण निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों और मशीनों के पहिए कुछ समय के लिए थम गए थे। लेकिन जैसे ही डीजल की आपूर्ति बहाल हुई, ठेकेदार ने तुरंत पूरी ताकत झोंकते हुए काम को दोगुनी रफ्तार से शुरू कर दिया है। वर्तमान में सड़क और पुलिया निर्माण का कार्य बेहद उच्च स्तर की गुणवत्ता के साथ युद्ध स्तर पर जारी है।

राजस्व विभाग की बड़ी खामी, अतिक्रमण बना मुसीबत
सड़क निर्माण की इस रफ्तार के बीच सबसे बड़ी बाधा प्रशासनिक सुस्ती के रूप में सामने आ रही है। सड़क के दोनों ओर भारी मात्रा में बेजा कब्जा (अवैध अतिक्रमण) होने के कारण ठेकेदार को रोड के चौड़ीकरण (Widening Work) और निर्माण में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नियमानुसार, इस अतिक्रमण को हटाकर जमीन साफ करने की जिम्मेदारी राजस्व विभाग की है। स्थानीय ग्रामीणों और प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि इस गंभीर समस्या पर जिला कलेक्टर और राजस्व विभाग को तुरंत ध्यान देना चाहिए और जल्द से सीमांकन कर बेजा कब्जा हटाना चाहिए, ताकि सड़क का काम बिना किसी रुकावट के पूरा हो सके।

बिना सबूत भ्रामक खबरें चलाने वाले पोर्टलों को करारा जवाब
इसी बीच, कुछ चुनिंदा सोशल मीडिया और पोर्टल पत्रकारों द्वारा बिना किसी जमीनी हकीकत को जाने, ठेकेदार को गलत ठहराते हुए भ्रामक खबरें चलाई जा रही हैं। इन खबरों में लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों और ठेकेदार के बीच कथित मिलीभगत के मनगढ़ंत आरोप लगाए जा रहे हैं। ‘आज की सुर्खियां न्यूज़’ की पड़ताल में यह साफ हुआ है कि इस तरह के आरोपों में दूर-दूर तक कोई सच्चाई नहीं है और न ही आरोपों के पक्ष में कोई ठोस सबूत पेश किया गया है। महकमे और ठेकेदार को बदनाम करने की नीयत से चलाई जा रही ऐसी खबरें पूरी तरह निराधार हैं।
जनहित में आवश्यक है कि प्रशासन बेजा कब्जा हटाकर ठेकेदार को पूरा सहयोग दे, ताकि यह महत्वपूर्ण सड़क जल्द से जल्द आम जनता के सुपुर्द की जा सके।
ग्राउंड रिपोर्टः धर्मेंद्र शर्मा, संपादक (आज की सुर्खियां न्यूज़)

