
सच्ची खबर तीखी नजर उप संपादक वैभव शर्मा
अंबिकापुर, सरगुजा। सरगुजा जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य पुलिस सेवा (2013बैच) के अधिकारी श्री रितेश चौधरी ने बुधवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सरगुजा के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि उनकी प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाना, सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देना तथा आम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना होगी।
पदभार ग्रहण करने के बाद श्री चौधरी ने डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) से सौजन्य भेंट कर जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसेवा तथा पुलिसिंग की प्राथमिकताओं के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान जिले में बेहतर पुलिसिंग और जनविश्वास को और मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
इसके बाद नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए शाखा प्रभारियों एवं अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने शाखावार कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की समीक्षा कर सभी कार्यों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा प्रत्येक कार्य में जवाबदेही और गति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
श्री रितेश चौधरी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना, सामुदायिक पुलिसिंग को नई ऊर्जा देना तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक नागरिक को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सरगुजा में पदस्थापना से पूर्व श्री रितेश चौधरी 14वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, धनौरा (जिला बालोद) में उप सेनानी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उन्होंने प्रशासनिक एवं पुलिसिंग कार्यों में उल्लेखनीय अनुभव अर्जित किया।
— उप संपादक वैभव शर्मा
आज की सुर्खियां
