🚩 आज की सुर्खियां न्यूज़ चैनल 🚩
प्रधान संपादक धर्मेंद्र शर्मा की विशेष खबर

‘राजीव गांधी एवं 21वीं सदी’ विषयक राष्ट्रीय सेमिनार में मिला सम्मान, आधुनिक भारत, युवा शक्ति और लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण पर हुआ मंथन।
रांची/जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के लिए गौरव और सम्मान का क्षण सामने आया है। जशपुर की बेटी, जिला पंचायत सदस्य एवं आदिवासी नेत्री आशिका कुजूर को झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उनके सार्वजनिक जीवन, सामाजिक सरोकारों एवं राजनीतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि ने न केवल जशपुर, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।
झारखंड प्रदेश राजीव गांधी विचार समिति के तत्वावधान में शनिवार को पुराना विधानसभा सभागार, रांची में ‘राजीव गांधी एवं 21वीं सदी’ विषय पर सेमिनार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में देश और प्रदेश के राजनीतिक, सामाजिक एवं बौद्धिक क्षेत्र से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रही।
जशपुर के आदिवासी अंचल से निकलकर सार्वजनिक जीवन में अपनी सक्रिय पहचान बनाने वाली आशिका कुजूर जिला पंचायत सदस्य के रूप में ग्रामीण विकास, जनहित के मुद्दों और आदिवासी समाज के अधिकारों को लेकर लगातार सक्रिय हैं। राष्ट्रीय स्तर पर भी वे आदिवासी समाज और युवाओं से जुड़े विषयों पर संगठनात्मक भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश तथा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश राजीव गांधी विचार समिति के अध्यक्ष हृदयानंद मिश्र एडवोकेट ने की, जबकि स्वागताध्यक्ष रामदेव प्रसाद यादव एडवोकेट रहे।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, विधायक रामचंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सेमिनार में राजीव गांधी के आधुनिक, वैज्ञानिक एवं तकनीकी रूप से सशक्त भारत के सपने पर विस्तार से चर्चा हुई। सूचना क्रांति, पंचायती राज व्यवस्था, युवा मताधिकार, लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि 21वीं सदी के भारत की नींव को मजबूत बनाने में राजीव गांधी की दूरदृष्टि और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
समारोह में चिकित्सा, शिक्षा, राजनीति, सामाजिक सेवा, कला एवं संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में जशपुर की आशिका कुजूर को मिला सम्मान उनकी सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन की सक्रियता का गौरवपूर्ण सम्मान बनकर सामने आया।
जशपुर की मिट्टी की बेटी का झारखंड की राजधानी में सम्मानित होना निश्चित ही पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि बताती है कि आदिवासी अंचल से निकलकर भी अपनी मेहनत, जनसेवा और समर्पण के दम पर राष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाई जा सकती है।
🚩 आज की सुर्खियां न्यूज़ चैनल 🚩
प्रधान संपादक धर्मेंद्र शर्मा
खबर वही, जो जनहित की बात कहे!
