CG Higher Education : छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा में बड़े बदलाव का ऐलान, नई शिक्षा नीति से होगी पढ़ाई, सिलेबस में भी बदलाव, जानिए क्या है पूरा प्रावधान…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा में बड़ा बदलाव किया गया है। छत्तीसगढ़ में जुलाई से राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू हो जाएगी। प्रेस कांफ्रेंस में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव आर प्रसन्ना ने बताया, अब वार्षिक पढ़ाई की जगह सेमेस्टर सिस्टम से पढ़ाई होगी। सिलेबस में भी बदलाव किया गया है। अतिथि व्याख्याता नीति भी लागू की गई है। नई नीति से उच्च शिक्षा विभाग में आमूलचूल परिवर्तन हुआ है।
उच्च शिक्षा विभाग के सचिव प्रसन्ना ने बताया, इस नीति में सतत मूल्यांकन का प्रावधान है, जिससे विद्यार्थियों के मानसिक उर्जा के साथ बौद्धिक क्षमता में भी वृद्धि होगी। सेमेस्टर आधारित पाठ्यक्रम होने के कारण विद्यार्थियों को परीक्षा का तनाव नहीं होगा।
बहु-विषयक प्रणाली पर आधारित यह नीति विद्यार्थियों को उनकी इच्छानुसार दूसरे संकाय के विषयों का अध्ययन करने की स्वतंत्रता देती है। पाठ्यचर्या में भारतीय ज्ञान पद्धति के समावेश के साथ पाठपेत्तर गतिविधियों को भी पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। प्रोद्योगिकी के अनुकूलतम उपयोग पर बल दिया गया है।
