सड़क पर पसरा सन्नाटा: तेज रफ्तार बाइक के आगे काल बनकर आया मवेशी, 22 साल के चिराग की दर्दनाक मौत!
पत्थलगांव (छत्तीसगढ़)। रफ्तार जब जूनून बन जाए, तो वह कब मौत का सफर बन जाए कहा नहीं जा सकता। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पत्थलगांव के तमता गांव में सोमवार की शाम करीब 7 बजे देखने को मिला, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग हमेशा के लिए बुझा दिया। तमता गांव के पास एक तेज रफ्तार बाइक सड़क पर अचानक आए मवेशी से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मवेशी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं बाइक सवार 22 वर्षीय युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।

मिली जानकारी के मुताबिक, चंदागढ़ का रहने वाला रामप्रसाद चक्रेश (22 वर्ष) तमता गांव से कुछ सामान लेकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। तभी अचानक सड़क के बीचों-बीच एक मवेशी आ गया। बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि रामप्रसाद को संभलने का मौका तक नहीं मिला। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल युवक को तुरंत सिविल अस्पताल पत्थलगांव पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया है। मंगलवार को मर्ग पंचनामा के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़कों पर बेसहारा घूमने वाले मवेशियों की समस्या पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
