सिर को बनाया निशाना, नीचे बैठकर युवक ने बचाई जान; जांच में एयरगन पिस्टल निकला हथियार

आज की सुर्खियां | विशेष खबर — क्रांतिकारी पत्रकार वैभव शर्मा
रायगढ़, 30 अगस्त 2026। कोतरारोड थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी उस समय गंभीर विवाद में बदल गई, जब सड़क पर पानी के छींटे पड़ने की बात को लेकर एक युवक पर पिस्टलनुमा हथियार से दो बार फायरिंग कर दी गई। आरोपी ने युवक के सिर को निशाना बनाया, लेकिन युवक नीचे बैठ गया और फायर की चपेट में आने से बच गया।
घटना 29 अगस्त की रात करीब 8:45 बजे रिलायंस मार्ट के सामने मुख्य मार्ग की है। रामबाग कोतरारोड निवासी खुशहाल अग्रवाल (26) ने पुलिस को बताया कि वह पोहेवाला कैफे संचालित करता है। रात में पैदल कोल्ड ड्रिंक लेने जाते समय मोटरसाइकिल सवार ने उसके ऊपर सड़क का पानी छिटका दिया। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई।
आरोप है कि वाहन चालक वापस आया और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर हाथापाई हुई और आरोपी ने पिस्टलनुमा हथियार निकालकर खुशहाल के सिर की ओर दो बार फायर किया। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जांच में पिस्टल नहीं, एयरगन पिस्टल निकला
पुलिस ने मौके से मिले हथियार को आर्म्स एक्सपर्ट से जांच कराया, जिसमें उसके एयरगन पिस्टल होने की पुष्टि हुई। इसमें सामान्य गोली के बजाय छर्रों का इस्तेमाल होता है।
मोटरसाइकिल से आरोपी की पहचान
पुलिस ने मोटरसाइकिल के दस्तावेज, घटनास्थल और गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान हर्षवरन सिंह गोतरा (44), निवासी जालंधर पंजाब, वर्तमान पता ग्राम तेंदूडिपा, कलमी, रायगढ़ के रूप में की है। आरोपी घटना के बाद से फरार है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
✍️ क्रांतिकारी पत्रकार वैभव शर्मा
उप संपादक — आज की सुर्खियां
