आज की सुर्खियां उप संपादक वैभव शर्मा की विशेष खबर

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग को शादी का झांसा देकर कथित रूप से दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 497/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 65(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि 2 अगस्त 2026 की देर रात ग्राम खलिबा निवासी सुरेन्द्र चेरवा (20 वर्ष) ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन बालिका को आरोपी के घर से वापस लेकर आए और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
विवेचना के दौरान महिला पुलिस अधिकारी ने पीड़िता का बयान दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने लगातार तलाश अभियान चलाकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी से पूछताछ की गई तथा पुलिस के अनुसार उसके विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। आरोपी को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिलीप दुबे, प्रशिक्षु उप निरीक्षक भारतीय मार्कण्डेय, सहायक उप निरीक्षक सुभाष ठाकुर, आरक्षक कुंदन पाण्डेय, भीम सिंह, उमेश गुप्ता एवं दीपक सोनवानी की सक्रिय भूमिका रही।
— उप संपादक वैभव शर्मा
आज की सुर्खियां
