प्रधान संपादक धर्मेंद्र शर्मा की विशेष खबर
जटाशंकर मंदिर और खाटूश्याम मंदिर ट्रस्ट की विकास योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा, हरसंभव सहयोग का मिला भरोसा
राजनांदगांव/डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नीलू शर्मा से जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान जटाशंकर मंदिर ट्रस्ट एवं खाटूश्याम मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट कर धार्मिक पर्यटन के विस्तार और आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने डोंगरगढ़ में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्यटन अवसंरचना को मजबूत करने, मंदिर परिसरों के समग्र विकास तथा धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए। साथ ही पर्यटन विभाग से इन योजनाओं में सक्रिय सहयोग का अनुरोध किया गया।
श्री जटाशंकर मंदिर ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष सोन कुमार सिन्हा एवं कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ठाकुर ने ट्रस्ट द्वारा संचालित धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी देते हुए जटाशंकर मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं के विस्तार तथा पर्यटन विकास की भावी योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि डोंगरगढ़ में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पर्यटन सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक हो गया है।
इसी दौरान श्री खाटूश्याम मंदिर ट्रस्ट निर्माण समिति के अध्यक्ष विशाल सुराणा ने समिति की ओर से पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा का स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने प्रस्तावित खाटूश्याम मंदिर निर्माण परियोजना की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए मंदिर निर्माण स्थल के अवलोकन हेतु नीलू शर्मा को सादर आमंत्रित किया।
पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा ने दोनों ट्रस्टों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों एवं विकास योजनाओं की सराहना करते हुए धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और जनसहभागिता से ऐसे प्रयासों को और अधिक गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डोंगरगढ़ भविष्य में धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।

कार्यक्रम में भाजपा मछुवारा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दिनेश निषाद, कोमल साहू, अभिषेक अग्रवाल, प्रदीप शिशोदिया सहित दोनों ट्रस्टों के पदाधिकारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि पर्यटन मंडल के सहयोग से डोंगरगढ़ में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी, जिससे स्थानीय रोजगार, व्यापार और क्षेत्र के समग्र विकास को भी उल्लेखनीय गति प्राप्त होगी।
— विशेष रिपोर्ट
धर्मेंद्र शर्मा
प्रधान संपादक, आज की सुर्खियां

