सन्ना में मामूली रुपयों के विवाद ने लिया खूनी रूप, हत्या के आरोप में पिता-पुत्र गिरफ्तार
जशपुर/सन्ना। मृत बछड़े को दफनाने के एवज में मिले रुपयों में हिस्सा मांगने को लेकर उपजे विवाद ने ऐसा खूनी रूप लिया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम कंदराई पाठ में पिता-पुत्र ने कथित रूप से लकड़ी के बहिंगा और पत्थर से अपने ही गांव के एक व्यक्ति के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
मृत बछड़े को दफनाने के मिले थे रुपए, यहीं से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को आरोपी फगुआ राम कोरवा (50) और उसका पुत्र बृजनाथ राम कोरवा (21) लकड़ी बेचने सन्ना आए थे। इसी दौरान सन्ना निवासी राजू नामक व्यक्ति ने अपने घर के मृत बछड़े को दफनाने के लिए दोनों से कहा। बछड़े को दफनाने के बाद आरोपियों को इसके एवज में रुपए मिले।
बाद में पंचायत भवन सन्ना के पास मृतक फगुआ राम (30) से आरोपियों की मुलाकात हुई। मृतक ने बछड़े को दफनाने के बदले मिले रुपयों में अपना हिस्सा मांगा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि पिता-पुत्र ने लकड़ी के बहिंगा तथा पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल फगुआ राम बेहोश हो गया। उसे एंबुलेंस से उपचार के लिए जशपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला मौत का राज
घटना की सूचना मिलते ही सन्ना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शव का पंचनामा कराया गया और पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में सिर में लगी चोट के कारण मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक बताए जाने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने तथा पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बहिंगा और पत्थर भी जब्त किया है। मामले की विवेचना जारी है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक सीरद साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक रविंद्र एक्का, आरक्षक मनोज जांगड़े, सुरेश टोप्पो एवं संतोष प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विशेष रिपोर्ट | क्रांतिकारी पत्रकार वैभव शर्मा
उप संपादक — आज की सुर्खियां
संपादकीय प्रस्तुति: आज की सुर्खियां — खबर वही, जो सवाल खड़े करे और सच सामने लाए।

