
🏅 आज की सुर्खियां | विशेष रिपोर्ट 📰
विशेष रिपोर्ट: वैभव शर्मा, उप संपादक – आज की सुर्खियां
अंबिकापुर/सरगुजा। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में छत्तीसगढ़ की होनहार बेटी एवं छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप-निरीक्षक (ASI) सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 53 किलोग्राम भारवर्ग में रजत (सिल्वर) पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है।
ज्ञानेश्वरी यादव ने प्रतियोगिता के स्नैच में 88 किलोग्राम तथा क्लीन एंड जर्क में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 111 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 199 किलोग्राम के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी और गर्व का माहौल है।
इस ऐतिहासिक सफलता पर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने वीडियो कॉल के माध्यम से ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने पुलिस सेवा के साथ-साथ खेल जगत में भी अद्भुत प्रतिभा का परिचय देकर पूरे छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और कठिन मेहनत, अनुशासन तथा दृढ़ संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण है।
डीआईजी एवं एसएसपी ने ज्ञानेश्वरी यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत के लिए स्वर्णिम सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।
“आज की सुर्खियां” परिवार की ओर से भी अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलक एवं छत्तीसगढ़ पुलिस की ASI सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। 🎉🇮🇳

