पत्थलगांव। सावन मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर पत्थलगांव–रायगढ़ मार्ग स्थित प्रसिद्ध नरेश्वर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए दूर-दराज़ से पहुंचे श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में खड़े होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का दुग्धाभिषेक, जलाभिषेक, बेलपत्र, धतूरा एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन एवं मंदिर समिति के स्वयंसेवक सक्रिय रहे। पूरे दिन भक्तों का आना-जाना लगातार जारी रहा और मंदिर परिसर भक्ति एवं श्रद्धा के रंग में सराबोर दिखाई दिया।

सावन के पहले सोमवार पर नरेश्वर मंदिर का आध्यात्मिक वातावरण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। शिवभक्ति में डूबे श्रद्धालुओं ने इसे अपने जीवन का सौभाग्यपूर्ण अवसर बताते हुए भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
— विशेष रिपोर्ट वैभव शर्मा उप संपादक, आज की सुर्खियां

