कमिश्नर ने डीईओ व बीईओ को जारी किया नोटिस
अम्बिकापुर 17 जुलाई 2022/ कमिश्नर श्री जीआर चुरेन्द्र ने जशपुरनगर के जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे प्रसाद व कुनकुरी के विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री एसआर साव को कारण बताओ सूचना जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है।
जारी आदेशानुसार विगत दिनो। मीडिया के माध्यम से यह खबर प्रकाश में आई कि जशपुरनगर के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कुछ कर्मचारियों द्वारा सामूहिक मद्यपान किया गया। कमिश्नर ने कर्मचारियों के इस कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम का उल्लंघन मानते हुए तथा कार्यालय प्रमुख होने के नाते अपने मातहतों पर नियंत्रण नहीं होने, लापरवाह, पदीय दायित्वों की उपेक्षा के कारण जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे प्रसाद को कारण बताओ सूचना जारी करते हुए कलेक्टर के माध्यम से 3 दिन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने कहा है।
जशपुर जिले के विकासखण्ड कुनकुरी अंतर्गत शासकीय प्रथमिक शाला पोखराटोली के दुष्कर्म आरोपी प्रभारी प्रधान पाठक श्री रामकृष्ण यादव के विरुद्ध कुनकुरी थाने में पोक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के निरीक्षण में पाया गया कि विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी द्वारा स्कूलां की नियमित निरीक्षण नहीं किया जाता जिससे शिक्षकों में उनका नियंत्रण नहीं है तथा शिक्षकों में स्वेच्छाचारिता व्याप्त है। कमिश्नर ने कुनकुरी के विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री एसआर साव के उक्त कृत्य को गैर जिम्मेदाराना, लापरवाही, पदीय दायित्वों के प्रति उदासीनता मानते हुए कारण बताओ सूचना जारी कर जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से 3 दिवस के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए है।
समाचार क्रमांक 1104/2022 — ### —

समाचार
स्कूलों में शैक्षिक गतिविधियों चुस्त रखने की जा रही मॉनिटरिंग सख्त
अम्बिकापुर 17 जुलाई 2022/ कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के द्वारा दिए गए शिक्षा गुणवत्ता में सुधार के साथ समय पर शाला खुलने व शिक्षकों की उपस्थिति के लिए सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश का असर दिखाई देने लगा है। कलेक्टर के निर्देश का अमल करते हुए अधिकारी नियमित रूप से स्कूलों का जांच व निरीक्षण कर रहे है। व्हाट्स एप्प के मॉनिटरिंग ग्रुप में फोटो व वीडियो भी लगातार शेयर किया जा रहा है।
कलेक्टर के निर्देश पर डीईओ, बीईओ, प्राचार्य व संकुल प्रभारी स्कूली गतिविधियां के साथ शिक्षकों की उपस्थिति पर नजर रखी जा रही है। जरूरी निर्देश या सूचना देना होता है उसे तत्काल ग्रुप में शेयर किया जा रहा है। इसी प्रकार शिक्षकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी भी दी जा रही है। किसी शिक्षक के बगैर सूचना के विलंब से आने या अनुपस्थत रहने पर कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर के निर्देश के अनुपालन में शिक्षक सक्रियता से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे है।
विगत शनिवार से शुरू हुए बैगलेस डे में बच्चो को खेल खेल में पढ़ाई कराया जा रहा है। खेल कूद प्रतियोगिता, सांस्कृतिक एवं सृजनात्मक गतिविधियों से बच्चे उत्साहित है।
समाचार क्रमांक 1105/2022 — ### —
समाचार

स्वास्थ्य मंत्री ने किया बायो मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन
अम्बिकापुर 17 जुलाई 2022/ छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री टीएस सिंहदेव ने रविवार को ग्राम भिट्टीकला में संयुक्त जैव चिकित्सा अपशिष्ट उपचार सुविधा का उद्घाटन किया। उद्घाटन पश्चात उन्होंने जनप्रतिनिधियो एवं अधिकारियों के साथ प्लांट का अवलोकन कर उसके प्रोसेसिंग के बारे में जानकारी ली। उन्होंने इस प्लांट के शुरू होने से अस्पतालां, लैब व डाइग्नोस्टिक सेंटर आदि से निकलने वाले बॉयो मेडिकल वेस्ट के उचित निपटान के लिए अब सुविधा होने की बात कही।
अम्बिकापुर विकासखण्ड के भिट्टीकला में क्षेत्रीय पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा मेसर्स व्हीएम टेक्नो सॉफ्ट प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से संयुक्त जैव चिकित्सा अपशिष्ट उपचार सुविधा की स्थापना की गई है। इस प्लांट की देख-रेख, प्रचालन व प्रबंधन की जिम्मेदारी मेसर्स व्हीएम टेक्नो सॉफ्ट लिमिटेड की होगी। प्लांट में 200 किलोग्राम प्रति घंटा बॉयो मेडिकाल इनसिंनरेशन, 200 किलोग्राम प्रति घंटा बॉयो मेडिकल इन्फ़ेक्शस वेस्ट, 100 किलोग्राम प्रतिघंटा कतरन क्षमता तथा 10 किलो लीटर दूषित जल उपचार क्षमता के संयंत्र लगाए गए है। दूषित जल उपचार संयंत्र अंतर्गत क्लेक्शन टैंक, ऑयल एंड ग्रीस ट्रेप, सीवेज वाटर कलेक्शन टैंक, फीड पम्प, एरिएशन टैंक, सेकेण्डरी सेटलिंग टैंक, पीएसएफ एवं एससीएफ ट्रीटेड वाटर स्टोरेज टैंक की स्थापना की गई है। दूषित जल के उपचार के पश्चात वायु प्रदूषण नियंत्रण हेतु स्थापित स्क्रबिंग, वाशिंग ,सिंचाई तथा जल छिड़काव के उपयोग कर परिसर के बाहर शून्य निस्सारण की स्थिति रखी जाएगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री राकेश गुप्ता, सीएमएचओ डॉ पीएस सिसोदिया, क्षेत्रीय पर्यावरण संरक्षण अधिकारी श्री पीके राबड़े, श्री हेमंत सिन्हा, व्हीएम टेक्नोक्राफ्ट के डायरेक्टर श्री विपिन मालिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
समाचार क्रमांक 1106/2022 — ### —
