सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों ने खोला राज, साथी फरार—मोबाइल बरामदगी के लिए पुलिस की तलाश जारी

आज की सुर्खियां उप संपादक वैभव शर्मा कुनकुरी। कुनकुरी में मोबाइल दुकान का शटर काटकर करीब 150 मोबाइल हैंडसेट चोरी करने के मामले में जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक वारदात को दो आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपी के साथी की तलाश जारी है और चोरी किए गए मोबाइल फोन भी उसी के पास होने की जानकारी सामने आई है।
मामला कठौतिया मोबाइल शॉप, कुनकुरी का है। दुकान संचालक पंकज कुमार पारिक ने 12 अगस्त 2026 को थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 अगस्त की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान का शटर खुला होने की सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। जांच में शटर के दोनों ताले कटे मिले और दुकान से विभिन्न कंपनियों के करीब 150 मोबाइल हैंडसेट गायब पाए गए।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला अहम सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि वारदात को दो लोगों ने मिलकर अंजाम दिया था।
घटनास्थल के पास स्थित एक होटल से भी पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली। होटल में दो संदिग्धों के खाना खाने और मोबाइल नंबर दिए जाने की जानकारी को सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों से मिलाया गया। इसी आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची।
तकनीकी जांच में एक आरोपी की पहचान तौसीफ रजा पिता मौलाना ताजउद्दीन, उम्र 35 वर्ष, निवासी मुर्गीटोली, मध्य नारायणपुर, थाना राजमहल, जिला साहेबगंज, झारखंड के रूप में हुई।
झारखंड पहुंची विशेष टीम, आरोपी गिरफ्तार
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम झारखंड रवाना हुई। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने तौसीफ रजा को हिरासत में लेकर कुनकुरी थाना लाया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया।
पहले से बना रहे थे मोबाइल दुकानों को निशाना बनाने का प्लान
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी के साथ काफी समय से मोबाइल दुकानों में चोरी की योजना बना रहा था। दोनों झारखंड से निकलकर ओडिशा, आंध्रप्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में मोबाइल दुकानों की रेकी कर रहे थे।
इसी दौरान उन्होंने कुनकुरी की कठौतिया मोबाइल शॉप को निशाना बनाया।
वारदात की रात दोनों दुकान के पीछे पहुंचे और औजार की मदद से शटर के दोनों ताले काटकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद बिक्री के लिए रखे मोबाइल फोन पिट्ठू बैग में भरकर मौके से फरार हो गए।
बताया गया कि कुछ दूरी पर जाकर आरोपियों ने मोबाइल के कवर और डिब्बे अलग कर झाड़ियों में फेंक दिए और केवल मोबाइल हैंडसेट अपने साथ रखे। इसके बाद दोनों बस से वहां से फरार हो गए।
150 मोबाइल दूसरे आरोपी के पास होने की जानकारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन उसके दूसरे साथी के पास हैं। पुलिस ने दूसरे आरोपी की पहचान कर ली है, लेकिन वह फिलहाल फरार है।
पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी और करीब 150 चोरी हुए मोबाइल हैंडसेट की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश और पतासाजी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी तौसीफ रजा के कब्जे से पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पिट्ठू बैग और उसका मोबाइल हैंडसेट जब्त किया है। विवेचना के दौरान आरोपी की संलिप्तता पाए जाने पर प्रकरण में धारा 3(5) बीएनएस जोड़ी गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक राकेश यादव, निरीक्षक गौरव पांडे, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले, पीएसआई देविका मंडावी, नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक चंद्र शेखर बंजारे एवं आरक्षक नंदलाल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी के मोबाइल की बरामदगी के बाद इस मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है। पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
आज की सुर्खियां
उप संपादक वैभव शर्मा
