
पत्थलगांव, जशपुर | आज की सुर्खियां | उप संपादक : वैभव शर्मा
पत्थलगांव स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास, गरिमामय वातावरण और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक भारतीय संस्कृति के अनुरूप तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर एवं शुभकामनाओं के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर नई शुरुआत की खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय की प्राचार्य तनु सिंह ठाकुर ने नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने और जीवन में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष अजय बंसल, शाला विकास समिति के अध्यक्ष संजय लोहिया, समिति के सम्मानित सदस्यगण, अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों को शिक्षा के महत्व पर प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा कि अच्छी शिक्षा ही एक सफल और संस्कारित जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।
शाला विकास समिति के अध्यक्ष संजय लोहिया ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और संस्कारों को अपनाने का आह्वान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
वहीं नगर पालिका उपाध्यक्ष अजय बंसल ने बच्चों को शिक्षा का वास्तविक महत्व समझाते हुए अच्छी और गलत शिक्षा के अंतर को सरल उदाहरणों के माध्यम से बताया। उनके प्रेरणादायक संबोधन ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा का संचार किया, जिससे बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में “सेल्फी विद नवप्रवेशी” आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों ने अपने शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों के साथ यादगार तस्वीरें खिंचवाईं। पूरे आयोजन में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी ने विद्यालय और परिवार के बीच मजबूत समन्वय का संदेश दिया।
शाला प्रवेश उत्सव का यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया, बल्कि पूरे पत्थलगांव नगर में इसकी सराहना होती रही। कार्यक्रम ने शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करते हुए यह संदेश दिया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
✍️ विशेष रिपोर्ट वैभव शर्मा
उप संपादक – आज की सुर्खियां न्यूज़ चैनल
