
आज की सुर्खियां न्यूज़ /सच्ची खबर तीखी नजर जुड़े रहिए उप सपादक वैभव शर्मा के साथ
पत्थलगांव। मेहनत, लगन और अटूट आत्मविश्वास का जब संगम होता है, तब सफलता स्वयं कदम चूमती है। नगर की प्रतिभाशाली बेटी कु. धारा अग्रवाल ने यही साबित कर दिखाया है। उन्होंने NEET-UG परीक्षा के प्रथम प्रयास में ही 579 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 18,561 हासिल की है। इस शानदार उपलब्धि के साथ उन्होंने मेडिकल सीट सुनिश्चित कर अपने माता-पिता, शिक्षकों, अग्रवाल समाज और पूरे पत्थलगांव का नाम गौरव से ऊंचा कर दिया है।
धारा अग्रवाल, पिता मनीष (राजेन्द्र प्रसाद) अग्रवाल, बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा लिटिल रोज सीबीएसई स्कूल, पत्थलगांव से प्राप्त की। इसके बाद कक्षा 9वीं एवं 10वीं की पढ़ाई इंदौर में तथा 11वीं एवं 12वीं की पढ़ाई के साथ नीट की कठिन तैयारी कोटा में की। वर्षों की मेहनत, अनुशासित दिनचर्या और लक्ष्य के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि उन्होंने पहले ही प्रयास में वह सफलता हासिल कर ली, जिसका सपना लाखों विद्यार्थी देखते हैं।
धारा ने केवल मेडिकल सीट ही सुनिश्चित नहीं की, बल्कि सीबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का एक और शानदार परिचय दिया। उनकी यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास से हर मंजिल हासिल की जा सकती है।
धारा की सफलता से उनके माता-पिता, परिवार, गुरुजन, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। अग्रवाल समाज ने भी इस उपलब्धि को पूरे समाज के लिए गौरव का क्षण बताते हुए धारा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। नगरवासियों का कहना है कि धारा की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और अनेक युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का हौसला देगी।
‘आज की सुर्खियां’ परिवार की ओर से कु. धारा अग्रवाल एवं उनके माता-पिता को इस ऐतिहासिक सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हमें विश्वास है कि धारा एक सफल, संवेदनशील और जनसेवा के लिए समर्पित चिकित्सक बनकर समाज और देश का गौरव बढ़ाएंगी।
