
डीआईजी व एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में मणिपुर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, शातिर आरोपी ने पूछताछ में कबूला जुर्म।
अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत की चोरी की होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर जिला अस्पताल परिसर से बाइक चोरी की थी। मामले में शामिल दूसरा आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक बाबूपारा निवासी गंगा प्रसाद बंजारे ने थाना मणिपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 10 जुलाई की रात ड्यूटी के दौरान अपनी बाइक जिला अस्पताल परिसर में खड़ी कर गया था। ड्यूटी समाप्त होने के बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने समीर अंसारी उर्फ गजनी (22 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर मठपारा के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चोरी की बाइक बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी और आगजनी जैसे आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को थाना मणिपुर पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी विवेचना का परिणाम माना जा रहा है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सी.पी. तिवारी सहित पूरी पुलिस टीम ने मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
✍️ प्रस्तुति: वैभव शर्मा, उप संपादक
📰 आज की सुर्खियां | आपकी आवाज़, आपकी खबर
