जशपुर/छत्तीसगढ़। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात में जशपुर पुलिस ने अपनी मुस्तैदी का लोहा मनवाते हुए महज 24 घंटे के भीतर एक अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। पारिवारिक विवाद के चलते एक कलयुगी बहू ने ही अपने ससुर की दर्दनाक हत्या की पूरी स्क्रिप्ट लिखी थी। ‘आज की सुर्खियां’ को मिली विशेष जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग के हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से इस वारदात को अंजाम दिया गया था। लेकिन कानून के लंबे हाथों से आरोपी बच नहीं सके। पुलिस ने वैज्ञानिक विवेचना और पुख्ता तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता बहू समेत 4 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
‘आज की सुर्खियां’ के लिए उप-संपादक वैभव शर्मा की ग्राउंड रिपोर्ट:
इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि ग्राम बोड़ाजोर (थाना दुलदुला) की रहने वाली 36 वर्षीय सुगंती बेसरा ही इस पूरे खूनी खेल की मास्टरमाइंड थी। उसने अपने ससुर को रास्ते से हटाने के लिए तीन अन्य युवकों के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में सुगंती बेसरा के साथ साहिल उर्फ राजा खान (22 वर्ष), आनंद यादव (20 वर्ष) और रोहित सिंह (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात में इस्तेमाल किया गया एक लकड़ी का फट्टा, एक मोटरसाइकिल और 4 नग मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। जशपुर पुलिस की इस त्वरित और वैज्ञानिक कार्रवाई की हर तरफ जमकर तारीफ हो रही है।

