
विशेष रिपोर्ट : वैभव शर्मा, उप संपादक – आज की सुर्खियां
जशपुर/बगीचा। बगीचा थाना क्षेत्र में कैपिटल मोबाइल शॉप से हुई ₹18 लाख 75 हजार की मोबाइल चोरी का जशपुर पुलिस ने बेहद कम समय में पर्दाफाश कर दिया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 3 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।
घटना 21-22 जुलाई की रात की है, जब चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर 93 मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। शिकायत मिलते ही बगीचा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
बरामदगी
#47 मोबाइल फोन (लगभग ₹10 लाख)
बिना नंबर की यामाहा MT मोटरसाइकिल
₹600 नगद
पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया है। बालिग आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बगीचा पुलिस की त्वरित एवं प्रोफेशनल कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
