
ठाकुर शोभासिंह शासकीय महाविद्यालय पत्थलगांव जिला जशपुर में विश्व मानवाधिकार दिवस एवं शहीद वीरनारायण सिंह के जयंती के अवसर पर ‘अवर राइट्स अवर फ्यूचर राइट नाउ’ विषय पर समाजशास्त्र विभाग द्वारा एक दिवसीय संगोष्ठी प्राचार्य डॉ. बी. के. राय की अध्यक्षता तथा पूर्व प्राचार्य प्रो डी.के. अंब्रेला मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ । आयोजक डॉ पूजा बंजारे तथा विभागाध्यक्ष समाजशास्त्र डॉ कृष्ण कुमार पैंकरा की पहल से किया गए इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्री उमेश कुमार(फाउंडर एंड सीईओ, सीजी एस रायपुर), विशिष्ट आमंत्रित वक्ता, डॉ हर्षदीप सिंह(सहायक अध्यापक समाजशास्त्र विभाग शासकीय राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर) व डॉ कौस्तुव देबशर्मा (सहायक प्राध्यापक गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय ) ने मानवाधिकार व इससे संबंधित विषयों पर सूक्ष्मतापूर्वक बिंदुवार अपने विचार प्रस्तुत किए। सर्वप्रथम श्री उमेश ने बताया कि मानवाधिकार का अर्थ है हर व्यक्ति को स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीने का अधिकार । उन्होंने सभी अनुच्छेद पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को अपनी कौशल क्षमता विकसित करने पर विशेष ज़ोर दिया ताकि भविष्य में वे अपने अधिकार का पूर्णतः लाभ प्राप्त कर सकें। डॉ. हर्षदीप सिंह ने ‘छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों के जनजातीय व भूमि अधिकार’ विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने अनुसूचित भूमि एक्ट, वन अधिकार एक्ट, विविधता का अधिकार, नागरिकता नियम के बारे में सरल शब्दों में विस्तारपूर्वक समझाया, जो अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्र के लोगों अत्यंत ज्ञानवर्धक व लाभकारी सिद्ध हुई । इसी क्रम में वक्ता डॉ देबशर्मा ने मानव के मूलभूत अधिकार के समस्त पहलुओं, मानवाधिकार के हनन की स्थितियों पर चर्चा की और उसके रोकथाम के लिए उठाए जाने वाले कदम को दैनिक जीवन के उदाहरण से जोड़ते हुए विस्तृत वर्णन किया। समाजशास्त्र विभाग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों द्वारा मानवाधिकार का संदेश देते हुए सुमधुर गीत की पेशकश की गयी। मुख्य अतिथि व प्राचार्य महोदय ने अपने उद्बोधन में सामाजिक बदलाव और विकास के लिए युवाओं को आगे आने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्वान वक्ताओं को प्रमाणपत्र व स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संगोष्ठी का संचालन प्रो अनुपमा प्रधान विभागाध्यक्ष रसायन शास्त्र तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रो विक्रांत मोदी विभागाध्यक्ष वाणिज्य विभाग द्वारा किया गया।

