पत्थलगांव। आसमां से बरसती आग और चिलचिलाती धूप के बीच जहां लोग घरों से निकलने में कतरा रहे हैं, वहीं पत्थलगांव के कुछ दिग्गजों ने मानवता की ऐसी मिसाल पेश की है जिसकी चर्चा अब हर जुबान पर है। राहगीरों के हलक को तर करने और उन्हें भीषण गर्मी से बचाने के लिए शहर के प्रमुख समाजसेवकों ने मोर्चा संभाल लिया है।
सत्यनारायण मंदिर के सामने उमड़ा जनसैलाब
‘आज की सुर्खियां’ को मिली ग्राउंड रिपोर्ट के मुताबिक, सत्यनारायण मंदिर के ठीक सामने राहगीरों के लिए ठंडे पानी और रूह अफ़ज़ा के शर्बत की शानदार व्यवस्था की गई है। इस पुण्य कार्य की कमान खुद पत्थलगांव के वरिष्ठ नागरिकों और जाने-माने समाज सेवक श्री चंद्रशेखर अग्रवाल जी ने संभाल रखी है। इस भीषण तपिश में मंदिर के सामने से गुजरने वाले हर व्यक्ति को रोक-कर यह शीतल पेय पिलाया जा रहा है, जिससे लोगों को इस जानलेवा गर्मी में तुरंत ठंडक और नई ऊर्जा मिल रही है।

व्यापार के साथ निभाया सामाजिक धर्मः जय दुर्गा गारमेंट्स की अनूठी पहल
सेवा का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। पत्थलगांव के प्रतिष्ठित और वरिष्ठ व्यापारी श्री आशीष अग्रवाल जी ने भी अपनी इंसानियत का परिचय देते हुए एक बेहतरीन मिसाल कायम की है। उन्होंने अपनी दुकान ‘जय दुर्गा गारमेंट कपड़ा दुकान’ के ठीक आगे राहगीरों के लिए शीतल पेयजल और रूह अफ़ज़ा के स्टॉल का प्रबंध किया है। कपड़े के व्यापार के साथ-साथ आशीष जी द्वारा राहगीरों के प्यास बुझाने के इस जज्बे की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

ग्रामीण और युवतियों के खिले चेहरे
इस चिलचिलाती धूप में खरीदारी करने आए ग्रामीणों, राहगीरों और युवतियों के लिए यह व्यवस्था किसी वरदान से कम नहीं साबित हो रही है। आते-जाते लोगों ने ‘आज की सुर्खियां’ से बात करते हुए कहा कि इस भयंकर उमस और गर्मी में रूह अफ़ज़ा का यह शर्बत उनके शरीर में जान फूंक रहा है।
पत्थलगांव के इन दोनों दिग्गजों और वरिष्ठ नागरिकों द्वारा किया गया यह सामूहिक प्रयास आज के दौर में यह साबित करता है कि इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं है। ‘आज की सुर्खियां’ की पूरी टीम इस सराहनीय और पुनीत कार्य के लिए श्री चंद्रशेखर अग्रवाल जी एवं श्री आशीष अग्रवाल जी का आभार व्यक्त करती है।



