आज की सुर्खियां उप संपादक वैभव शर्मा की विशेष खबर

पत्थलगांव। पत्थलगांव–अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर BTI चौक से पहले स्थित कदम घाट का लगभग 40 मीटर लंबा ढलान इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और उखड़ी हुई सतह के कारण रोजाना वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई वाहनों के चैंबर और अन्य पुर्जे क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, जबकि कई लोग मजबूरी में अपना रास्ता बदलकर आवागमन कर रहे हैं।
यह मार्ग पत्थलगांव और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अंबिकापुर जाने का प्रमुख रास्ता है। प्रतिदिन इलाज के लिए अस्पताल जाने वाले मरीज, एंबुलेंस, स्कूली छात्र, व्यापारी और आम नागरिक इसी मार्ग से गुजरते हैं। मात्र 40 मीटर के इस जर्जर ढलान ने पूरे मार्ग की रफ्तार थाम दी है। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा और भी बढ़ गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि केवल 40 मीटर की सड़क की मरम्मत से हजारों लोगों को राहत मिल सकती है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस जर्जर हिस्से की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके तथा किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके।
विशेष रिपोर्ट: वैभव शर्मा
उप संपादक, आज की सुर्खियां


