अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर कोतबा में अटल परिसर का भव्य लोकार्पण
कोतबा।
भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष, भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को कोतबा में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। उनकी पावन स्मृति में नवनिर्मित अटल परिसर का लोकार्पण गरिमामय एवं भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक गोमती साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर विधायक गोमती साय ने अपने संबोधन में कहा कि कि छत्तीसगढ़ वासियों के लिए नए राज्य के रूप में छत्तीसगढ़ का निर्माण श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी एवं कुमार दिलीप सिंह जूदेव जी की ही देन है। हम उनके सपनों के अनुरूप छत्तीसगढ़ के चहुंमुखी विकास पथ पर अग्रसर हैं। स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। उनका योगदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। अटल परिसर आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों और आदर्शों से जोड़ने का कार्य करेगा।
भाजपा नेता सावरिया अग्रवाल ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि सतिघाट कोतबा में अटल जी के जन्मदिवस जैसे पुण्य अवसर पर, उन्हीं के नाम से बने इस अटल परिसर का उद्घाटन हो रहा है। यह परिसर केवल ईंट और सीमेंट से बना भवन नहीं है, बल्कि यह अटल जी के विचारों, उनके आदर्शों और सुशासन की सोच का जीवंत प्रतीक है। अटल जी ने राजनीति को सेवा, संवेदना और संवाद की नई दिशा दी। उनका व्यक्तित्व दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमवती भगत, भाजपा के वरिष्ट नेता उमाशंकर भगत, सावरिया अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष जागेश्वरी यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष हितेंद्र पैंकरा, उपाध्यक्ष सुमन शर्मा और सभी पार्षद, जिला पंचायत सदस्य सुरुचि पैंकरा, धरम साहू, रोहित साहू, कन्हाई राम यादव, हेमसागर गुप्ता उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न विभागों के
अधिकारी-कर्मचारी और प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया था और लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।




