
विशेष रिपोर्ट : वैभव शर्मा, उप संपादक – आज की सुर्खियां
पत्थलगांव, जशपुर। श्रावण मास के पावन अवसर पर पत्थलगांव के अग्रसेन भवन में 30 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा, प्रेम यज्ञ एवं सामूहिक रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में अयोध्याधाम की अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त रामकथावाचिका श्रद्धेया इंदुमती रामायणी जी अपनी मधुर वाणी से श्रीराम कथा का अमृतपान कराएंगी।
आयोजन समिति के अनुसार 30 जुलाई को शाम 3 बजे नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 31 जुलाई से प्रतिदिन सायं 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन होगा। कथा का समापन 7 अगस्त को हवन, पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा।
इस पावन आयोजन में राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त बालसंत श्री अनुरागशरण जी महाराज का भी पावन सान्निध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। आयोजन स्थल अग्रसेन भवन, पत्थलगांव (जिला जशपुर, छत्तीसगढ़) निर्धारित किया गया है।
आयोजन समिति ने नगरवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीराम कथा का श्रवण करने तथा धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है। श्रावण मास में आयोजित यह धार्मिक महोत्सव क्षेत्र के लिए आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनने जा रहा है।
